इंदौर। भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस को तेल लेने भेजने वाले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी पार्टी के एक ब्लॉक अध्यक्ष को सोशल मीडिया पोस्ट करने पर पार्टी से निकालकर साबित कर दिया है कि, उनकी कांग्रेस में अब छोटे और सच्चे कार्यकर्ताओं के लिए जगह नहीं है ।
मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के एक ब्लॉक अध्यक्ष राहुल धाकरे ने वरिष्ठ पत्रकार अरविंद तिवारी जी की पोस्ट पर प्रदेश प्रभारी को लेकर कार्यकर्ताओं की और से प्रतिक्रिया दी थी,उनका बोलना जीतू पटवारी जी को इतना नागवार गुजरा कि उन्हें हाथों हाथ पार्टी से निकाल दिया गया। जबकि खुलेआम कांग्रेस को भाड़ में भेजने का दावा करने वाली नेत्रियां और दिग्विजय सिंह जी जैसे वरिष्ठ नेता को अशिष्ट, अभद्र और अपमानजनक गालियां देने वाले कांग्रेस के शहर अध्यक्ष पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने ऐसा करके कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ये संदेश दिया है कि यदि वे अपनी पार्टी कांग्रेस को या दिग्विजय सिंहजी, कमलनाथजी, अजय सिंहजी, अरुण यादव जी जैसे वरिष्ठ कांग्रेसियों को अपमानित कर उनको अपशब्द कह सकते हैं, कांग्रेस की महिला पार्षद राष्ट्रगीत वंदे मातरम का अपमान कर सकती हैं, किंतु यदि किसी ने पटवारी गुटके खास समर्थक पार्टी प्रभारी या प्रदेश अध्यक्ष से सवाल किया तो कांग्रेस के समर्पित आम कार्यकर्ता को पार्टी से निकाल दिया जाएगा।
सुमित मिश्रा ने कहा कि मालवा की संस्कृति है कि सदैव वरिष्ठों का आदर सम्मान बना रहना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से अपील की है कि वह भी अपने आत्म सम्मान के लिए आगे आए आवाज़ उठाएं। हमारा आपको पूरा समर्थन है।