The Manipur Diaries Teaser Out: कहते हैं कि किस्मत बदलते देर नहीं लगती, और यह बात मोनालिसा पर सटीक बैठती है। प्रयागराज के महाकुंभ में माला बेचते हुए अपनी ‘कजरारी आंखों’ और मासूमियत से करोड़ों दिलों को जीतने वाली वायरल गर्ल अब सिल्वर स्क्रीन पर जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं।

निर्देशक सनोज मिश्रा की फिल्म ‘द मणिपुर डायरीज’ का टीजर रिलीज हो गया है, जिसमें मोनालिसा का एक बिल्कुल नया और प्रभावशाली अवतार देखने को मिल रहा है।
टीजर में क्या है खास?
टीजर की शुरुआत मोनालिसा के प्रभावशाली दृश्यों से होती है। फिल्म में उन्हें ‘मणिपुर की सबसे अकेली लड़की’ के रूप में पेश किया गया है। टीजर के शुरुआती पलों में वह प्रकृति के करीब, तितलियों, पेड़ों और जानवरों के साथ अपनी दुनिया में रमी हुई नजर आती हैं। लेकिन कहानी सिर्फ मासूमियत तक सीमित नहीं है।
टीजर में मोनालिसा को झरने के किनारे रोमांस करते हुए और विपरीत परिस्थितियों में एक्शन करते हुए भी दिखाया गया है। एक मार्मिक दृश्य में वह हाथ जोड़कर कहती नजर आती हैं, “हम बहुत गरीब लोग हैं, पैसा ही हमारा दूसरा भगवान है।” यह संवाद उनकी फिल्म में संघर्षपूर्ण भूमिका की झलक देता है।
राजनीति और प्रेम की अनूठी दास्तां
‘द मणिपुर डायरीज’ केवल एक रोमांटिक फिल्म नहीं है, बल्कि यह मणिपुर की जटिल सामाजिक और राजनीतिक स्थिति को भी छूती है। टीजर में जाति-धर्म के नाम पर होने वाले दंगे और धरने प्रदर्शनों के दृश्य भी शामिल किए गए हैं।
निर्देशक सनोज मिश्रा के अनुसार:
“यह एक ऐसी प्रेम कहानी है जो देश की राजधानी दिल्ली को नॉर्थ ईस्ट के मणिपुर से जोड़ती है। लगभग 10 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म को तैयार करने में एक साल का समय लगा है।”
फिल्म में मोनालिसा के साथ प्रयागराज के ही अभिनेता अभिषेक तिवारी मुख्य भूमिका में हैं। 2.5 घंटे की इस फिल्म में 4-5 गाने हैं, जो दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। फिल्म की शूटिंग मणिपुर, नेपाल और उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में की गई है।