इंदौर में चोरों का आतंक: राम मंदिर से 3 लाख कैश और गहने चोरी, दो अन्य घरों में भी लाखों की सेंधमारी

Indore News: इंदौर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। शहर में एक ही दिन चोरी की तीन बड़ी वारदातें सामने आई हैं, जिनमें एक मंदिर और दो घर शामिल हैं। सबसे बड़ी घटना चंदन नगर क्षेत्र के सिंहासा गांव में हुई, जहां चोरों ने एक राम मंदिर को निशाना बनाया और लाखों की नकदी समेत भगवान के आभूषण भी ले उड़े।

मामले का खुलासा गुरुवार सुबह हुआ, जब मंदिर के पुजारी नरेंद्र पाठक पूजा के लिए पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर के ताले टूटे हुए हैं और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा है। दान पेटी भी टूटी हुई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी और चंदन नगर पुलिस मौके पर पहुंची।

राम मंदिर से 3 लाख और गहने चोरी

पुजारी नरेंद्र पाठक ने पुलिस को बताया कि चोर मंदिर में रखी दान पेटी से करीब तीन लाख रुपये और भगवान राम की प्रतिमा पर सजे कीमती आभूषण चुराकर ले गए। चोरों की यह हरकत पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

फुटेज में दिख रहा है कि चोर बाइक से आए थे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

शहर के पॉश इलाकों में भी सेंधमारी

मंदिर में चोरी के अलावा, चोरों ने शहर के दो अन्य इलाकों में भी घरों को निशाना बनाया। तिलक नगर थाना क्षेत्र के गोयल नगर में कुलभूषण जैन के घर से चोरों ने लाखों के कीमती जेवर चुरा लिए। शिकायत के मुताबिक, चोर घर में घुसकर अलमारी से सोने का हार, डायमंड सेट, टॉप्स और चांदी की पायल सहित अन्य सामान ले गए।

वहीं, एरोड्रम क्षेत्र की बी पद्मालय कॉलोनी में हर्षवर्धन सिंह राठौर के घर भी चोरी हुई। यहां से चोर एक लैपटॉप, चांदी के सिक्के, चांदी का नारियल, नकदी और महंगे कपड़े चुराकर फरार हो गए। पुलिस ने तीनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शहर में सक्रिय चोर गिरोह की तलाश तेज कर दी है।