घबराने की जरूरत नहीं: पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक है, अफवाहों पर न दें ध्यान- बोले खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत

Bhopal/Indore News: मध्य प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने प्रदेश में ईंधन की कमी को लेकर चल रही अफवाहों पर विराम लगाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह निर्बाध रूप से जारी है।
पैनिक बाइंग से बचने की अपील मंत्री राजपूत ने बताया कि 24 मार्च को कुछ जिलों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें और ‘पैनिक बाइंग’ (घबराहट में खरीदारी) के मामले सामने आए थे। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि ऑयल डिपो से पेट्रोल पंपों को निरंतर सप्लाई भेजी जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह से भ्रमित न हों और न ही अनावश्यक रूप से ईंधन का संग्रह करें।
कीमतें स्थिर, प्रशासन की पैनी नजर ऑयल कंपनियों के हवाले से मंत्री ने साफ किया कि वर्तमान में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में किसी भी प्रकार की वृद्धि नहीं हो रही है। स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम और स्थानीय प्रशासन लगातार निगरानी कर रहे हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रदेश में ईंधन का भंडार सुरक्षित है, इसलिए जनता को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।