आज के समय में हेल्दी खाना चुनना आसान काम नहीं रह गया है। बाजार में हर दूसरी चीज़ पर “नेचुरल”, “हार्ट-फ्रेंडली”, “लो फैट” या “हेल्दी” जैसे शब्द लिखे होते हैं। ऐसे में हमें लगता है कि हम अपने दिल का पूरा ध्यान रख रहे हैं। लेकिन सच्चाई यह है कि कुछ ऐसे फूड्स भी हैं, जिन्हें लोग सेहतमंद मानकर खाते हैं, जबकि वे धीरे-धीरे दिल को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
कार्डियोलॉजिस्ट का कहना है कि खाना अपने आप में अच्छा या बुरा नहीं होता, बल्कि वह आपकी दवाओं, किडनी की स्थिति और दिल की हालत के साथ मिलकर असर करता है। आइए जानते हैं ऐसी 6 आम चीजों के बारे में, जो “हेल्दी” लगती हैं, लेकिन सावधानी न बरती जाए तो दिल के लिए खतरनाक हो सकती हैं।
केला: फायदेमंद, लेकिन हर किसी के लिए नहीं
केला पोटैशियम का अच्छा स्रोत माना जाता है और आमतौर पर इसे दिल के लिए फायदेमंद समझा जाता है। लेकिन अगर किसी व्यक्ति की किडनी ठीक से काम नहीं कर रही है या वह कुछ खास दवाएं ले रहा है, तो केला नुकसान पहुंचा सकता है। ज्यादा पोटैशियम दिल की धड़कन को बिगाड़ सकता है और गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है। इसलिए हर रोज़ बहुत ज्यादा केला खाना हर किसी के लिए सही नहीं है।
ग्रेपफ्रूट: दवाओं के साथ हो सकता है नुकसान
ग्रेपफ्रूट को लोग वजन घटाने और इम्युनिटी बढ़ाने के लिए खाते हैं। लेकिन यह फल लिवर के उस सिस्टम को प्रभावित करता है, जो दवाओं को तोड़ने का काम करता है। कुछ हार्ट मरीजों और खास दवाएं लेने वालों में ग्रेपफ्रूट दवाओं के असर को जरूरत से ज्यादा बढ़ा सकता है, जो शरीर के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।
पालक: हेल्दी है, लेकिन संतुलन जरूरी
पालक को सुपरफूड कहा जाता है, लेकिन यह भी पोटैशियम से भरपूर होता है। इसके अलावा, यह ब्लड पतला करने वाली कुछ दवाओं के असर को कम कर सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि पालक खाना गलत नहीं है, लेकिन रोज़ बहुत ज्यादा मात्रा में खाना सही नहीं। संतुलन और नियमितता सबसे जरूरी है।
सोया सॉस: स्वाद के साथ सोडियम का बोझ
सोया सॉस को लोग हल्का और हेल्दी विकल्प मानते हैं, लेकिन इसमें नमक यानी सोडियम बहुत ज्यादा होता है। ज्यादा सोडियम शरीर में पानी रोक सकता है, जिससे ब्लड प्रेशर और सांस फूलने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कई बार लोग एक रात बाहर खाना खाने के बाद अगले दिन वजन बढ़ा हुआ और थकान महसूस करते हैं, जिसकी वजह यही छुपा हुआ सोडियम होता है।
काली लिकोरिस: मीठी लेकिन खतरनाक
असली काली लिकोरिस अक्सर चाय, हर्बल सप्लीमेंट और कुछ फ्लेवर वाले प्रोडक्ट्स में छुपी होती है। यह ब्लड प्रेशर बढ़ा सकती है और शरीर में पोटैशियम की कमी कर सकती है। ज्यादातर लोगों को पता ही नहीं चलता कि वे इसे खा रहे हैं, और यही इसे और ज्यादा खतरनाक बना देता है।
शराब: दिल की सबसे बड़ी दुश्मन
शराब को लेकर कई भ्रम हैं कि थोड़ी मात्रा में यह दिल के लिए ठीक है। लेकिन डॉक्टरों के अनुसार, शराब सीधे तौर पर दिल की मांसपेशियों को नुकसान पहुंचाती है। कई हार्ट मरीजों में दिल की हालत बिगड़ने की एक बड़ी वजह शराब भी पाई गई है। इसलिए दिल को स्वस्थ रखना है तो शराब से दूरी ही बेहतर है।
सही खाना वही जो आपके शरीर को सूट करे
डॉक्टर साफ कहते हैं कि कोई भी फूड पूरी तरह अच्छा या बुरा नहीं होता। असली फर्क इस बात से पड़ता है कि आपका शरीर, आपकी दवाएं और आपकी मेडिकल रिपोर्ट्स उस खाने पर कैसे प्रतिक्रिया देती हैं। इसलिए जरूरी है कि आप अपने शरीर की जरूरतों को समझें, अपनी रिपोर्ट्स और दवाओं की जानकारी रखें और सिर्फ लेबल देखकर फैसले न लें दिल की सेहत के लिए जागरूक रहना ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।
Disclaimer: यह खबर केवल सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी सलाह पर अमल से पहले डॉक्टर या विशेषज्ञ से परामर्श जरूर लें।