Indore News: इंदौर की रेनेसां यूनिवर्सिटी ने ‘थिंकइट-विचारों का मैराथन’ नाम से एक ओपन आइडिया इन्विटेशन पहल शुरू की है। इस मंच पर हर क्षेत्र के प्रतिभागी को अपने विचार साझा करने और उन्हें पहचान दिलाने का अवसर मिलेगा।
रेनेसां यूनिवर्सिटी के चांसलर स्वप्निल कोठारी ने कहा कि आज का दौर विचारों का दौर है। एक अच्छा विचार किसी की जिंदगी बदल सकता है, एक नया उद्यम खड़ा कर सकता है और पूरे समाज को नई दिशा दे सकता है।
उनका कहना है कि थिंकइट के माध्यम से हम हर एक व्यक्ति को यह मौका देना चाहते हैं कि वह अपनी सोच को दुनिया तक पहुंचाए। इस मंच पर 16 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति भाग ले सकता है। प्रतिभागी शिक्षा, टेक्नोलॉजी, पर्यावरण, स्वास्थ्य, सामाजिक सरोकार, व्यवसाय, कला, नवाचार या किसी भी क्षेत्र से जुड़े अपने मौलिक विचार प्रस्तुत कर सकते हैं।
गौरतलब है कि इस प्रतियोगिता के तहत 21 सर्वश्रेष्ठ और प्रभावशाली विचारों को कुल 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। इच्छुक प्रतिभागी सबसे पहले अपना बुनियादी पंजीकरण करेंगे। इसके बाद उन्हें मैसेज या वाट्सएप के माध्यम से विचार प्रस्तुत करने का लिंक प्राप्त होगा, जहां वे लिखित रूप में अपना विचार साझा कर सकेंगे।