Pithampur News: औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-2 स्थित ‘रामकी एनवायरो कंपनी’ में मंगलवार को हुए तीन शक्तिशाली धमाकों ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। विस्फोटों की आवाज इतनी जोरदार थी कि इसकी गूंज लगभग एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया।
भूकंप जैसे झटके, घरों में गिरा सामान
स्थानीय सूत्रो के अनुसार बताया जा रहा है कि धमाके या विस्फोट की तीव्रता इतनी थी कि कंपनी के पास स्थित तारपुरा और बजरंगपुरा गांवों में लोगों ने भूकंप जैसे झटके महसूस किए। ग्रामीणों के अनुसार, धमाकों के कारण उनके घरों में रखे बर्तन स्टैंड से गिर गए और कई घरों में टेलीविजन तक नीचे गिर पड़े। दहशत के मारे लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
सुरक्षा मानकों पर फिर उठे सवाल
राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, इस घटना ने औद्योगिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि रामकी कंपनी पिछले साल भोपाल गैस कांड के जहरीले कचरे को नष्ट करने को लेकर भी विवादों में रही थी।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पीथमपुर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पीथमपुर पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही हैं। फिलहाल किसी भी व्यक्ति के घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस धमाके के कारणों की तकनीकी जांच की जा रही है।
खबर लिखे जाने तक कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। विशेषज्ञ इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि कचरा प्रबंधन के दौरान किन रसायनों या गैसों के कारण यह विस्फोट हुआ।