केंद्र सरकार की ओर से वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 का आम बजट प्रस्तुत किए जाने के बाद भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने इसे विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूत और दूरदर्शी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश किया गया यह बजट अधोसंरचना विकास के साथ-साथ आम नागरिकों की अपेक्षाओं और सभी वर्गों के कल्याण पर केंद्रित है।
सबका साथ–सबका विकास की भावना झलकती है बजट में
सुमित मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प को इस बजट में व्यवहारिक रूप दिया गया है। बजट में सभी वर्गों और क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए प्रावधान किए गए हैं। अधोसंरचना विकास के साथ आर्थिक क्षमताओं के विस्तार, रोजगार सृजन, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, उद्योगों को प्रोत्साहन देने और शहरी विकास के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं, जिससे विभिन्न क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सशक्त प्रयास किया गया है।
मध्यम वर्ग, रोजगार और तकनीक पर विशेष फोकस
उन्होंने बताया कि टैक्स स्लैब में कोई बदलाव न कर मध्यम वर्ग को राहत दी गई है। धार्मिक नगरों के विकास के लिए 5,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। टेक्सटाइल पार्कों के निर्माण से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आधुनिक तकनीक, चिप मैन्युफैक्चरिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए 40,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे आने वाले समय में मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद अधिक सुलभ और किफायती होंगे तथा विदेशी निर्भरता कम होगी।
विकसित भारत की ओर मजबूत कदम
सुमित मिश्रा ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत की नींव को और मजबूत करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने का मार्ग प्रशस्त करता है। जनकल्याण, आर्थिक मजबूती और तकनीकी आत्मनिर्भरता को ध्यान में रखकर तैयार किया गया यह बजट देश के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।