इंदौर में अनोखी वारदात: 30 घरों से खाली सिलेंडर लेकर रफूचक्कर हो गया गैस एजेंसी का कर्मचारी

Indore News: इंदौर से ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के चलते दुनिया भर में गैस और ईंधन की किल्लत की खबरें आ रही हैं, वहीं इंदौर के एक गैस एजेंसी कर्मचारी ने इसी आपदा और डर को अवसर बनाकर 30 परिवारों को अपना शिकार बना लिया। 15 साल पुराने भरोसे को ढाल बनाकर आरोपी मुकेश सोनोने करीब 30 खाली सिलेंडर लेकर रफूचक्कर हो गया है।
किल्लत का डर दिखाकर जीता ग्राहकों का विश्वास
मामला इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र के वल्लभ नगर और आसपास के इलाकों का है। यहाँ स्थित ‘गैस पाइंट’ एजेंसी का कर्मचारी मुकेश सोनोने पिछले डेढ़ दशक से घर-घर सिलेंडर सप्लाई कर रहा था। क्षेत्र के लोग उस पर इतना भरोसा करते थे कि बिना रसीद या औपचारिकता के उसे सिलेंडर सौंप देते थे।
प्रदेश में गैस सिलेंडर की कथित किल्लत की खबरों के बीच मुकेश ने लोगों को झांसा दिया। उसने घर-घर जाकर कहा, “आपका नंबर आ गया है, जल्दी से खाली सिलेंडर दे दीजिए, मैं तुरंत भरा हुआ सिलेंडर लाकर दे दूंगा।” किल्लत के डर से परेशान ग्राहकों ने आव देखा न ताव और अपने खाली सिलेंडर मुकेश के हवाले कर दिए।
जब खुला राज: मोबाइल बंद कर हुआ गायब
मुकेश ने एक-दो नहीं बल्कि करीब 30 खाली सिलेंडर इकट्ठा किए और उन्हें लेकर फरार हो गया। जब काफी समय बीतने के बाद भी वह सिलेंडर लौटाने नहीं आया, तो पीड़ितों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद पता चला कि वह 22 मार्च से ही गैस एजेंसी पर काम पर नहीं आ रहा है।
सिलेंडर न मिलने से परेशान और नाराज पीड़ितों ने गैस एजेंसी के गोदाम पर पहुँचकर जमकर हंगामा किया। पीड़ितों का आरोप है कि मुकेश ने इन खाली सिलेंडरों को ब्लैक मार्केट (कालाबाजारी) में बेच दिया है और मोटी रकम लेकर फरार हो गया है।
एजेंसी संचालक ने दर्ज कराई FIR
सूत्रो के अनुसार बताया जा रहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए और ग्राहकों के हंगामे के बाद गैस एजेंसी संचालक ने बाणगंगा पुलिस थाने में आरोपी कर्मचारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित संतोष मिश्रा की शिकायत और एजेंसी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुकेश सोनोने के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
सूत्रो के मुताबिक इस मामले में बताया जा रहा है कि आरोपी मुकेश 15 साल से इसी एजेंसी में कार्यरत था, जिससे उसकी क्षेत्र में गहरी पैठ थी। वह आरोपी 22 मार्च से लापता है। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
सावधानी बरतने की अपील
यह घटना इस बात का सबक है कि आपदा या कमी के समय किसी भी व्यक्ति पर अंधा विश्वास न करें। गैस सिलेंडर लेते या देते समय हमेशा आधिकारिक रसीद की मांग करें और सुनिश्चित करें कि लेनदेन अधिकृत चैनल के माध्यम से ही हो रहा हो। इंदौर पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस ठगी के पीछे कोई बड़ा गिरोह काम कर रहा है या यह मुकेश की निजी करतूत है।