देश-विदेश के 2000+ यूरोलॉजिस्ट जुटेंगे इंदौर में, USICON 2026 बनेगा सर्जरी और मेडिकल साइंस का महाकुंभ

इंदौर में 27 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक यूरोलॉजी का सबसे बड़ा सम्मेलन USICON 2026 आयोजित होगा। देश-विदेश के 2000 से अधिक यूरोलॉजिस्ट और चिकित्सा विशेषज्ञ इस कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे। मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजक टीम ने घोषणा की कि यह यूरोलॉजी जगत का अब तक का सबसे उन्नत और तकनीकी आयोजन होगा।

कॉन्फ्रेंस में अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, तुर्की, मलेशिया, सिंगापुर और यूरोप के लगभग 100 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ भाग लेंगे। श्रीलंका और नेपाल सहित कई देशों से प्रतिनिधि पहुंचेंगे। देशभर से 300 से अधिक राष्ट्रीय फैकल्टी और 950 से ज्यादा वैज्ञानिक प्रस्तुतियां होंगी।

10 साल बाद लाइव सर्जरी टेलीकास्ट

कॉन्फ्रेंस की खास बात यह है कि 10 वर्षों बाद लाइव सर्जरी टेलीकास्ट की वापसी हो रही है। पहले दिन भारत के तीन बड़े केंद्रों से 9-10 जटिल सर्जरी दिखाई जाएंगी। दूसरे दिन अमेरिका से लाइव सर्जिकल ट्रांसमिशन सीधे इंदौर में प्रसारित किया जाएगा।

वैज्ञानिक कार्यक्रम में रोबोटिक सर्जरी, लेप्रोस्कोपी, लेजर तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित भविष्य की यूरोलॉजी पर विशेष सत्र रखे गए हैं। पहले दिन बेस्ट पेपर, बेस्ट वीडियो, मेडिको-लीगल चर्चा और IJU रिसर्च सेशन शामिल रहेंगे।

पांच दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा

27 जनवरी को एग्जीक्यूटिव बॉडी मीटिंग से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। 28 जनवरी को क्रिकेट और काउंसिल मीटिंग आयोजित की जाएगी। 29 जनवरी से मुख्य कॉन्फ्रेंस शुरू होगी और शाम 6:30 बजे भव्य उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधि और गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।

30 जनवरी की सुबह सुपर कॉरिडोर पर 10 किमी साइक्लिंग रैली निकाली जाएगी। इंडियन स्कूल ऑफ यूरोलॉजी द्वारा रेजिडेंट्स के लिए विशेष ट्रेनिंग और इंडियन जर्नल ऑफ यूरोलॉजी की अवॉर्ड सेरेमनी रखी गई है।

31 जनवरी को प्रख्यात कीनोट स्पीकर डॉ. महेंद्र भंडारी (यूएसए) का संबोधन होगा। एआई थीम आधारित सेशन और शाम को सचेत-परंपरा का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 1 फरवरी को इंदौर मैराथन के साथ ऑर्गन डोनेशन जागरूकता रन और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय परीक्षाएं होंगी।

Urolympics: खेल और फिटनेस का उत्सव

USICON 2026 केवल अकादमिक मंच नहीं बल्कि Urolympics के रूप में खेल और फिटनेस का उत्सव भी होगा। क्रिकेट, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, शतरंज, कैरम, साइक्लिंग और मैराथन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

मेहमानों को मालवा की संस्कृति से रूबरू कराने के लिए भव्य सांस्कृतिक संध्या, उज्जैन-ओंकारेश्वर-मांडू-महेश्वर पर्यटन और इंदौरी पोहा-जलेबी व सराफा बाजार के स्वाद का अनुभव कराया जाएगा।

आम जनता के लिए स्वास्थ्य संदेश

आयोजन समिति ने आम जनता के लिए स्वास्थ्य संदेश जारी किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि किडनी, ब्लैडर और प्रोस्टेट कैंसर जैसी समस्याओं के लिए सीधे यूरोलॉजिस्ट से संपर्क करें। रोबोटिक सर्जरी प्रोस्टेट के इलाज में अधिक सुरक्षित और प्रभावी है।

पथरी या पेशाब संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। महिलाओं और बच्चों की यूरिनरी समस्याओं का इलाज विशेषज्ञ यूरोलॉजिस्ट से कराना चाहिए। आधुनिक तकनीकों और एआई की मदद से अब सर्जरी कम दर्दनाक और जल्दी रिकवरी वाली हो चुकी हैं।

आयोजकों के बयान

“USICON 2026 इंदौर के लिए गौरव का विषय है। यह कॉन्फ्रेंस न केवल यूरोलॉजी के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों और शोध को साझा करने का मंच बनेगा, बल्कि युवा डॉक्टरों और शोधार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सीख और प्रेरणा भी देगा।” — डॉ. आर. के. लाहोटी, पैट्रन, यूरोलॉजिकल सोसायटी ऑफ इंदौर

डॉ. संजय शिंदे, चेयरमैन, ऑर्गनाइजिंग कमेटी ने कहा कि USICON 2026 को अब तक का सबसे उन्नत और बहुआयामी यूरोलॉजी कॉन्फ्रेंस बनाने के लिए पूरी टीम समर्पित भाव से कार्य कर रही है। लाइव सर्जरी, रोबोटिक तकनीक, एआई आधारित सत्र और वैश्विक फैकल्टी की मौजूदगी इसे ऐतिहासिक आयोजन बनाएगी।

डॉ. सुशील भाटिया, सेक्रेटरी ने बताया कि कॉन्फ्रेंस के वैज्ञानिक कार्यक्रम को अत्यंत सुव्यवस्थित और अकादमिक रूप से समृद्ध बनाया गया है। 950 से अधिक वैज्ञानिक प्रस्तुतियां, बेस्ट पेपर और वीडियो सेशन प्रतिभागियों के लिए ज्ञानवर्धक सिद्ध होंगे।

डॉ. रवि नागर, को-सेक्रेटरी ने कहा कि USICON 2026 केवल एक कॉन्फ्रेंस नहीं, बल्कि यूरोलॉजिस्ट्स के आपसी संवाद और वैश्विक नेटवर्किंग का सशक्त मंच है। डॉ. नितेश पाटीदार, ट्रेजरर ने कहा कि आयोजन की सभी व्यवस्थाएं पारदर्शी और सुनियोजित तरीके से की जा रही हैं।