‘हमें खुलेआम मारने-काटने की धमकी मिल रही हैं’: महाकुंभ वायरल गर्ल मोनालिसा ने पति फरमान संग लगाई सुरक्षा की गुहार

Mumbai News: साल 2025 के महाकुंभ मेले में रुद्राक्ष की माला बेचते हुए रातों-रात इंटरनेट सेंसेशन बनीं मोनालिसा भोसले एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी कोई वीडियो नहीं, बल्कि उनकी शादी के बाद उपजा विवाद है। केरल में मुस्लिम युवक फरमान खान से शादी करने के बाद मोनालिसा ने अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा बताया है और प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
धमकियों के बीच सुरक्षा की अपील
मोनालिसा और फरमान खान ने अलग-अलग धर्मों में शादी की है, जिसे लेकर सोशल मीडिया और कुछ संगठनों के बीच भारी विरोध देखा जा रहा है। कई लोग इसे “लव जिहाद” का नाम दे रहे हैं। वायरल वीडियो में मोनालिसा काफी परेशान नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा, “हमें खुलेआम मारने-काटने की धमकियां दी जा रही हैं।
मैं मीडिया, मुख्यमंत्री और पुलिस कमिश्नर से हाथ जोड़कर अपील करती हूं कि हमारी मदद करें।” कपल का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में आधिकारिक तौर पर मेल भेजकर सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे केवल शांति से अपना जीवन जीना चाहते हैं।
मंदिर में हुई थी शादी, केरल सरकार का जताया आभार
बता दें कि मोनालिसा और फरमान की शादी 11 मार्च 2026 को केरल के अरुमानूर श्री नैनार देवा मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई थी। इस अंतरधार्मिक विवाह को लेकर केरल सरकार के रुख की सराहना करते हुए कपल ने कहा कि उन्हें वहां बहुत सहयोग मिला।
  • फरमान खान ने बताया, “हमें उम्मीद नहीं थी कि हमारी शादी इतनी बड़ी होगी। वहां कई लोग आए और स्थानीय मंत्रियों व शिक्षा मंत्री ने भी हमें आशीर्वाद दिया।”
  • मोनालिसा ने कहा कि वह सभी धर्मों का सम्मान करती हैं और केरल पुलिस ने उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की है।
फिल्म प्रोजेक्ट के दौरान हुई थी मुलाकात
रिपोर्ट्स के अनुसार, मोनालिसा और फरमान की मुलाकात एक फिल्म प्रोजेक्ट के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदली और उन्होंने साथ रहने का फैसला किया। हालांकि, मोनालिसा के परिवार ने इस रिश्ते का कड़ा विरोध किया था, जिसके बाद उन्होंने केरल जाकर शादी करने का निर्णय लिया। अधिकारियों ने भी पुष्टि की है कि दोनों बालिग हैं और उन्हें अपना जीवनसाथी चुनने का पूरा कानूनी अधिकार है।
महाकुंभ से मिली थी पहचान
मोनालिसा को देशभर में पहचान तब मिली थी जब महाकुंभ 2025 के दौरान उनकी सादगी और रुद्राक्ष बेचते हुए उनके वीडियो ने करोड़ों लोगों का दिल जीत लिया था। अब उनकी निजी जिंदगी को लेकर हो रहे इस विवाद ने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है।