दुनियाभर में करोड़ों लोगों की पसंद WhatsApp अब एक बड़े बदलाव की दहलीज पर है। अगर आप भी दिनभर इस ऐप का इस्तेमाल करते हैं, तो तैयार हो जाइए, क्योंकि कंपनी जल्द ही ‘पेड सब्सक्रिप्शन मॉडल’ पेश करने वाली है।
हालाकि, घबराने की जरूरत नहीं है—आपका बेसिक WhatsApp पहले की तरह फ्री रहेगा, लेकिन कुछ खास सुविधाओं के लिए अब बटुआ ढीला करना पड़ सकता है।
क्या है यह नया अपडेट?
WhatsApp के अपकमिंग फीचर्स पर नजर रखने वाली वेबसाइट WaBetaInfo की एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने Android बीटा वर्जन (2.26.9.6) पर प्रीमियम सब्सक्रिप्शन की टेस्टिंग शुरू कर दी है। इसके लिए ऐप में ‘वेटलिस्ट’ जॉइन करने का नोटिफिकेशन भी दिखने लगा है। इसका सीधा मतलब है कि WhatsApp अब सिर्फ एक मैसेजिंग ऐप नहीं, बल्कि एक सर्विस-बेस्ड प्लेटफॉर्म बनने की ओर कदम बढ़ा रहा है।
इन 3 बड़े फीचर्स के लिए लगेगा चार्ज
प्रीमियम सब्सक्रिप्शन लेने वाले यूजर्स को कुछ ऐसे फीचर्स मिलेंगे जो आम यूजर्स के पास नहीं होंगे:
-
एक्सक्लूसिव स्टिकर्स और कस्टमाइजेशन: प्रीमियम यूजर्स को खास डिजाइन किए गए स्टिकर्स और एनिमेटेड पैक्स मिलेंगे, जो चैटिंग के अनुभव को और मजेदार बनाएंगे।
-
ज्यादा चैट पिन करने की सुविधा: वर्तमान में हम केवल 3 चैट्स को टॉप पर पिन कर सकते हैं। पेड वर्जन में यह सीमा बढ़ जाएगी, जो प्रोफेशनल यूजर्स के लिए काफी मददगार साबित होगी।
-
मैसेज शेड्यूलिंग: सबसे प्रतीक्षित फीचर ‘शेड्यूल मैसेज’ भी इस लिस्ट में शामिल है। अब आप किसी का जन्मदिन हो या कोई ऑफिस की मीटिंग, मैसेज को पहले से ही समय तय करके ड्राफ्ट कर सकेंगे।
नोट: यह सब्सक्रिप्शन पूरी तरह वैकल्पिक (Optional) होगा। अगर आपको इन एडवांस फीचर्स की जरूरत नहीं है, तो आप हमेशा की तरह फ्री वर्जन का आनंद ले सकते हैं।